अनुराग शर्मा, सीहोर। भीषण गर्मी और लू के बीच बिजली कंपनी की मनमानी के खिलाफ जनता का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। सीहोर-श्यामपुर रोड पर ग्राम बिजौरी जोड़ पर क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के ग्रामीण लामबंद हुए और रोड को ब्लॉक कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि कड़कती धूप के इस मौसम मे उन्हें रोजाना 12 से 15 घंटे की भारी अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें जीवनयापन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें : 100 करोड़ के घोटाले ने छीनी बुजुर्ग की जिंदगीभर की कमाई! जनसुनवाई की कतार में चक्कर खाकर गिरा बुजुर्ग, बोला- ‘खाते में 20 लाख लेकिन पत्नी के इलाज के लिए पैसे नहीं’

भीषण गर्मी में 15 घंटे की कटौती से बेहाल जनता

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सीहोर-श्यामपुर मार्ग को पूरी तरह बाधित कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में बिना बिजली के घरों में रहना बेहद कठिन हो गया है। बिजली न रहने से न तो पीने के पानी की व्यवस्था हो पा रही है और न ही लोग रात को चैन से सो पा रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को अनसुना कर रहे थे, जिसके कारण मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।

प्रशासन ने दिया 2 दिन का आश्वासन, ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

चक्काजाम और हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और विद्युत मंडल के अफसरों से तत्काल बात की। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को पुख्ता आश्वासन दिया गया है कि आगामी 2 दिनों के भीतर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में पूरी तरह सुधार कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें : सिस्टम फेल… अन्नदाता बेहाल! खरीफ सीजन शुरू होने से पहले ही खाद की किल्लत, दर-दर भटक रहे किसान

अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। हालांकि, ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि 2 दिन के भीतर अघोषित बिजली कटौती बंद नहीं हुई, तो वे चुप नहीं बैठेंगे और इससे भी बड़ा व उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m