Automobile Desk: वियतनामी वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट (VinFast) भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी VF5 के नए फेसलिफ्ट मॉडल को भारत में उतारने की रणनीति बना रही है। हाल ही में कंपनी ने इस नई कार का डिजाइन पेटेंट भारत में दर्ज कराया है, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि विनफास्ट भारतीय बाजार को लेकर काफी गंभीर है और जल्द ही अपनी नई पेशकश यहां पेश कर सकती है।
अंतरराष्ट्रीय सड़कों पर टेस्ट रन के दौरान इस नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को कई बार देखा जा चुका है। भारतीय बाजार में दस्तक देने के बाद इसका सीधा मुकाबला टाटा नेक्सॉन ईवी (Tata Nexon EV), टाटा पंच ईवी (Tata Punch EV) और महिंद्रा XUV 3XO EV जैसे धाकड़ मॉडल्स से होगा। उद्योग से जुड़े जानकारों का मानना है कि कंपनी इसे प्रतिस्पर्धी बनाए रखने के लिए करीब 12 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर पेश कर सकती है।
एक्सटीरियर में दिखेंगे नए और आकर्षक बदलाव
नई विनफास्ट VF5 फेसलिफ्ट के फ्रंट प्रोफाइल में कई नयापन देखने को मिलेगा। इसके आगे के हिस्से को पहले से ज्यादा मस्कुलर और प्रीमियम लुक दिया गया है। बंपर के साइज में बदलाव के साथ-साथ नया फ्रंट ग्रिल सेटअप मिलेगा, जो पूरी चौड़ाई में फैला हुआ है। बोनट के ठीक नीचे कंपनी का सिग्नेचर ‘V’ शेप वाला डिजाइन बरकरार रखा गया है, जिसके टॉप ट्रिम्स में एलिगेंट एलईडी लाइटिंग बार दिए जाने की संभावना है। साइड प्रोफाइल की बात करें तो कुल मिलाकर ढांचा पहले जैसा ही रहेगा, लेकिन इसमें नए कट और डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं, जो इसे नया लुक प्रदान करेंगे।
कार के रियर सेक्शन में भी काफी बदलाव देखने को मिलेंगे। नई VF5 के पिछले हिस्से में एक छोर से दूसरे छोर तक फैली हुई एलईडी टेललाइट बार दी गई है, जिसमें टर्न इंडिकेटर्स को खूबसूरती से एकीकृत किया गया है। कार के पिछले गेट पर बड़े अक्षरों में ‘VINFAST’ की ब्रांडिंग मिलेगी, जबकि रियर बंपर को पहले की तुलना में अधिक नीट और सिंपल फिनिश दी गई है।
केबिन और फीचर्स होंगे पहले से ज्यादा आधुनिक
इंटीरियर के मामले में कंपनी ने बड़े बदलावों की तैयारी की है। स्पाई शॉट्स के अनुसार, इसके डैशबोर्ड को पूरी तरह नया और मिनिमलिस्टिक लेआउट दिया गया है। केबिन का मुख्य आकर्षण डैशबोर्ड पर स्थित एक बड़े साइज का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम होगा। इसके अलावा, चालक के आराम को ध्यान में रखते हुए नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और री-डिजाइन सेंटर कंसोल मिलेगा।
सेंटर कंसोल पर कप होल्डर्स और गियर सिलेक्शन के लिए रोटरी डायल दिया जा सकता है। मौजूदा मॉडल में मिलने वाली फैब्रिक सीटों की जगह अब प्रीमियम लेदरेट अपहोल्स्ट्री मिलने की उम्मीद है। कार के पारंपरिक ड्राइवर डिस्प्ले की जगह ज्यादातर जानकारियां और कंट्रोल्स मुख्य इंफोटेनमेंट स्क्रीन पर ही देखने को मिल सकते हैं।

बैटरी पैक, पावर और ड्राइविंग रेंज
विनफास्ट VF5 फेसलिफ्ट के पावरट्रेन विवरण को लेकर फिलहाल आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। वैश्विक बाजारों में यह कार अलग-अलग बैटरी ऑप्शंस के साथ बिक्री के लिए उपलब्ध है। उदाहरण के तौर पर इंडोनेशियाई बाजार में बिकने वाले मॉडल में 29.6 kWh क्षमता वाला बैटरी पैक मिलता है, जो 90 hp की पावर और 135 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इस वेरिएंट की सिंगल चार्ज रेंज लगभग 268 किलोमीटर (NEDC स्टैंडर्ड) दर्ज की गई है।
दूसरी ओर, कुछ अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में यह एसयूवी 37.23 kWh के बड़े बैटरी पैक के साथ आती है। यह सेटअप 136 hp की अधिकतम पावर और 135 Nm का पिक टॉर्क जनरेट करता है, जिसकी फुल चार्ज रेंज लगभग 326 किलोमीटर तक है। भारत में कंपनी कौन सा बैटरी कॉम्बिनेशन लॉन्च करेगी, इसकी सटीक जानकारी लॉन्च के समय ही सामने आ पाएगी।
संभावित कीमत और लॉन्च का समय
भारतीय बाजार में यदि यह कार 12 लाख रुपये के आसपास की कीमत पर उतरती है, तो यह मास-मार्केट इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में बड़ा उलटफेर कर सकती है। टाटा Motors और Mahindra के दबदबे वाले इस सेगमेंट में विनफास्ट की यह एंट्री मुकाबला काफी दिलचस्प बना देगी। फिलहाल कंपनी ने भारत में इसके ऑफिशियल लॉन्च डेट और विस्तृत स्पेसिफिकेशन्स की घोषणा नहीं की है, लेकिन डिजाइन पेटेंट दाखिल होने से यह साफ है कि इसकी एंट्री अब ज्यादा दूर नहीं है।

