शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय बेहद तनावपूर्ण हो गई, जब कांग्रेस समर्थित छात्र संगठन एनएसयूआई (NSUI) और भाजपा समर्थित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। कॉलेज घेराव के दौरान दोनों गुटों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और तीखी झड़प हुई। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भी उपद्रवियों की भारी खींचतान हुई, जिसमें चार महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं।

छात्रों की मांग को लेकर उग्र हुआ प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार, प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली लागू करने, कॉलेज में लाइब्रेरी की स्थापना और अतिथि व्याख्याताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांगों को लेकर छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान जैसे ही दोनों छात्र संगठन आमने-सामने आए, माहौल अचानक गरम हो गया और नारेबाजी के साथ झूमाझटकी शुरू हो गई।

ASP और CSP से भिड़े कार्यकर्ता, इलाका छावनी में तब्दील

घटना की सूचना मिलते ही स्थिति संभालने पहुंचे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) के साथ भी उग्र छात्र कार्यकर्ताओं की तीखी बहस और भिड़ंत देखने को मिली। उग्र भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच बचाव करने में जुटी चार महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद कॉलेज कैंपस और आसपास का पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m