प्रवीण भारद्वाज,पानीपत।पानीपत में सोशल मीडिया पर वायरल हुए खतरनाक स्टंट वीडियो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर Royal Enfield Bullet बाइक से फायर स्टंट कर रहे थे, जिससे आमजन की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था।
पुलिस के अनुसार, देवी मंदिर और अस्पताल के पास यह स्टंट किया गया था, जहाँ एक युवक बाइक के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकाल रहा था, जबकि दूसरा युवक आग जलाकर उसे साइलेंसर के सामने कर रहा था। इस दौरान आग की लपटें उठ रही थीं, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकती थीं।

वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को सेक्टर-18 क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर अपनी बाइक दुकान की बिक्री बढ़ाना चाहते थे।पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार के खतरनाक स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।