रोहित कश्यप, मुंगेली। लंबे समय से जर्जर सड़क को नहीं सुधारे जाने पर एक युवक ने जिम्मेदारों को जगाने के लिए अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चातरखार के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे में बैठकर युवक ने बारिश के पानी से स्नान किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें : Kulgam Terror Attack : धर्म पूछकर मारे गए छत्तीसगढ़ के दो मजदूर, एक की मौके पर मौत, दूसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
बताया जा रहा है कि मुंगेली से पंडरिया मार्ग पर चातरखार तक तथा बरेला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग लंबे समय से इस सड़क की हालत लगातार बदतर बनी हुई है। बारिश के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे है, जिससे रोजाना हजारों वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, और बरसात में हालात और भी भयावह हो जाते हैं।

वायरल वीडियो में युवक गड्ढे में जमा कीचड़युक्त पानी को ही “तालाब” बताकर उसमें बैठकर साबुन से स्नान करता नजर आ रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से यह प्रदर्शन किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे व्यवस्था के खिलाफ जनता के बढ़ते आक्रोश का प्रतीक बता रहे हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को लेकर हाल ही में कलेक्टर और संभागायुक्त (कमिश्नर) भी नाराजगी जता चुके हैं। दोनों अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार कार्य में लापरवाही पर नोटिस भी जारी किया था। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं हो सका है।
देखिए वायरल वीडियो –
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


