चंडीगढ़/फरीदाबाद। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब हरियाणा के उपभोक्ताओं को भी दूध के बढ़े हुए दामों का सामना करना पड़ेगा। बल्लभगढ़ कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड (वीटा) ने अपने विभिन्न दूध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। कंपनी ने बढ़ती उत्पादन लागत और ऑपरेशनल खर्चों का हवाला देते हुए दूध के कई वेरिएंट्स की दरों में संशोधन किया है।
वीटा प्रबंधन के अनुसार नई कीमतें 20 मई 2026 की सुबह की सप्लाई से लागू हो जाएंगी। यानी 19 मई की रात से वितरकों को बढ़े हुए दामों पर दूध उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल यह नई दरें बल्लभगढ़ प्लांट के अंतर्गत आने वाले फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी रहेंगी।
वीटा दूध की नई कीमतें
फुल क्रीम दूध
500 एमएल पैकेट: ₹35 से बढ़कर ₹36
1 लीटर पैकेट: ₹69 से बढ़कर ₹71
भैंस का दूध (Buffalo A2 Milk)
500 एमएल पैकेट: ₹37 से बढ़कर ₹39
1 लीटर पैकेट: ₹73 से बढ़कर ₹78
6 लीटर फैमिली और कमर्शियल पैक
फुल क्रीम दूध: ₹408 से बढ़कर ₹432
टोंड मिल्क: ₹336 से बढ़कर ₹360
वीटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सतीश कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि डेयरी उद्योग में लगातार बढ़ती उत्पादन लागत, पैकेजिंग सामग्री की महंगाई और अन्य डेयरी ब्रांड्स द्वारा हाल ही में बढ़ाई गई कीमतों के कारण यह फैसला लेना पड़ा।
नई दरों की जानकारी सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स, रिटेलर्स, बूथ होल्डर्स और संबंधित सरकारी व निजी संस्थानों को भेज दी गई है। दूध की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है।

