कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर के बहोड़ापुर में विवेक मीणा हत्याकांड के आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी सौरव यादव के टखने में गोली लगी है।

दरअसल, बहोड़ापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि विवेक मीणा हत्याकांड के तीन आरोपी शंकरपुर हाईवे के पास बाइक से जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर और पुरानी छावनी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें सौरव यादव के टखने में गोली लग गई।

पुलिस ने मौके से सौरव यादव और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया,जबकि तीसरा आरोपी लाला अग्रवाल बाइक से भागने में कामयाब रहा। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को रवाना किया गया है।

गौरतलब है कि बहोड़ापुर के आनंद नगर में मामूली विवाद को लेकर लाला अग्रवाल, सौरव यादव और राहुल यादव पर बजरंग दल नेता के भाई विवेक मीणा की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अब मुठभेड़ में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m