भुवनेश्वर: मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग में जारी अंदरूनी घमासान के बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भुवनेश्वर स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए उनके तत्काल इस्तीफे और आपराधिक कार्रवाई की मांग की।
OPCC अध्यक्ष भक्त चरण दास के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास, पूर्व अध्यक्ष जयदेव जेना और कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया।
पत्रकारों से बात करते हुए ओपीसीसी अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, “मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं। उन्होंने ‘वोट चोरी’ का समर्थन करके लोकतंत्र के खिलाफ अक्षम्य अपराध किया है। यदि वे अपने पद पर बने रहते हैं, तो देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। हम उनके तुरंत इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग करते हैं।”
कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट से साबित हो गया है कि राहुल गांधी द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोप सही थे। जब तक सीईसी इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का यह आंदोलन जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के 14 फैसलों पर आधिकारिक रूप से आपत्तियां दर्ज कराई थीं।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संवैधानिक संस्था में अलग-अलग विचार और सुझाव होना एक सामान्य प्रक्रिया है। आयोग के सभी आदेशों को पूर्ण कानूनी मान्यता प्राप्त है और वे स्थापित वैधानिक प्रक्रियाओं के तहत ही जारी किए गए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


