सोनीपत में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। 15 जून से बीएलओ घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।

संजीव घनगस, सोनीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सीटीएम सिमरन ने बुधवार को लघु सचिवालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक सभी बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य करेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम सूची में जोड़ना, अपात्रों के नाम हटाना और आवश्यक संशोधन करना है। इस अवसर पर एसडीएम सुभाष चंद्र भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है, जिसके लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर की अर्हता तिथि 01 जुलाई 2026 तय की गई है। पांच जून से 14 जून तक बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 15 जून से मतदाता सत्यापन का कार्य शुरू होगा। 21 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा, जिसके बाद 20 अगस्त तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। अंतिम सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा। किसी भी भ्रांति को दूर करने के लिए डीआईपीआरओ कार्यालय में मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। नागरिक टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर सुबह 7 से रात 9 बजे तक जानकारी ले सकते हैं।

दस्तावेजों के साथ सहयोग की अपील

एसडीएम सुभाष चंद्र ने बताया कि इस अभियान का लक्ष्य वर्ष 2002 की नामावली के आधार पर वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग कर सूची को शुद्ध करना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के पहुंचने पर उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। सत्यापन के लिए पासपोर्ट, जन्म प्रमाण-पत्र, मैट्रिकुलेशन सर्टिफिकेट, स्थायी निवासी प्रमाण-पत्र, एससी/ओबीसी प्रमाण-पत्र, या सरकार/बैंक द्वारा जारी पहचान पत्र जैसे दस्तावेज मान्य होंगे। सिमरन ने मीडिया से भी आग्रह किया कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। सही जानकारी और समय पर सत्यापन से ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत और त्रुटिरहित बन सकेगी।