चंडीगढ़। हरियाणा में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेजी से चल रहा है। निर्वाचन विभाग के अनुसार, अब तक 1,99,18,634 (96.43 प्रतिशत) मतदाताओं तक गणना प्रपत्र (Enumeration Form) पहुंचाए जा चुके हैं। इनमें से 1,22,08,806 (59.11 प्रतिशत) भरे हुए प्रपत्र बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से प्राप्त कर सफलतापूर्वक अपलोड भी किए जा चुके हैं।
21 जुलाई की प्रारंभिक मतदाता सूची के लिए जरूरी है प्रपत्र जमा करना
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र की दो प्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं। मतदाताओं को एक प्रति में आवश्यक जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित अपने बीएलओ (BLO) को जमा करनी है, जबकि दूसरी प्रति पर बीएलओ के हस्ताक्षर लेकर उसे रसीद के रूप में सुरक्षित रखना है।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र समय पर बीएलओ को प्राप्त होंगे। जिनका प्रपत्र जमा नहीं होगा, उनका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।
14 जुलाई है अंतिम तिथि
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 14 जुलाई से पहले अपना गणना प्रपत्र सही और पूर्ण जानकारी के साथ भरकर बीएलओ को जमा करें तथा उसकी रसीद अवश्य प्राप्त करें।मतदाता चाहें तो ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भी अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां:
गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि: 14 जुलाई
प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन: 21 जुलाई

