कैथल जिला में आगामी 5 जून से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू होने जा रहा है, जिसे लेकर एसडीएम संजय कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली।

राकेश कथूरिया, कैथल। एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि आगामी पांच जून से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। अभियान से जुड़े सभी कार्य चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं और इस राष्ट्रीय कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम संजय कुमार बुधवार को लघु सचिवालय में संबंधित अधिकारियों की मीटिंग लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इससे पहले हरियाणा चुनाव आयोग के सीईओ ए. श्रीनिवास द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एसआईआर की तैयारियों की समीक्षा की गई थी।

कॉल सेंटर स्थापित करने के निर्देश जारी

एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति सुनिश्चित करवाई जाए। उन्होंने चुनाव कार्यालय को कड़े निर्देश दिए कि वे इस प्रक्रिया की मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर एक कॉल सेंटर स्थापित करें और विधानसभा स्तर तक संचार व्यवस्था को मजबूत करें ताकि हर अपडेट समय पर मिल सके।

कैथल में हैं 4 विधानसभा और 807 बूथ

एसडीएम ने बताया कि जिले में कैथल, कलायत, गुहला तथा पूंडरी सहित चार विधानसभाएं हैं, जिनमें कुल 807 बूथ और 8 लाख 8 हजार 307 मतदाता हैं। इस बार एसआईआर की क्वालिफाइंग तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इसके तहत बीएलओ का प्रशिक्षण एवं आवश्यक सामग्री वितरण 5 से 14 जून तक किया जाएगा। इसके बाद बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य 15 जून से 14 जुलाई तक चलेगा। मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन 14 जुलाई तक और ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा।

सितंबर में होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

उन्होंने बताया कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक रहेगी, जबकि इनका निपटान 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को होगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे घर-घर सत्यापन के दौरान बीएलओ का सहयोग करें। किसी भी समस्या के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, एआईपीआरओ अमित कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।