संजीत कबलाना, झज्जर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद आयोजित बैठक में डीसी ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (AERO) के साथ अभियान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

15 जून से शुरू होगा घर-घर सर्वे

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि 5 जून से 15 जून 2026 तक संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सर्वे करेंगे।

अभियान के दौरान मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित और अयोग्य मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे, जबकि 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।

नागरिक सही जानकारी दें : डीसी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की कि जब भी बीएलओ उनके घर पहुंचे तो उन्हें सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। परिवार या आसपास के मृत, स्थानांतरित अथवा अयोग्य मतदाताओं की जानकारी साझा करें और नए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसमें आमजन की भागीदारी बेहद आवश्यक है।

राजनीतिक दलों से भी मांगा सहयोग

डीसी ने सभी राजनीतिक दलों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जिन दलों ने अभी तक बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) की नियुक्ति नहीं की है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अभियान को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके।

नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

बैठक में सभी ईआरओ और एईआरओ को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें और सर्वे कार्य की सतत समीक्षा सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम रितु बंसीवाल, डीईओ रतिंद्र सिंह, डीईईओ राजबाला मलिक, डीएफएससी राजेश्वर मुदगिल, नायब तहसीलदार निर्वाचन कुलदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।