वृंदावन. हाथरस का 16 वर्षीय अनुज चौधरी करीब तीन महीने से लापता है. शुक्रवार को उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य वृंदावन के केलीकुंज आश्रम पहुंचे और बाहर धरने पर बैठ गए. परिजनों का दावा है कि अनुज ने करीब तीन महीने पहले संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी. इसके बाद वह घर नहीं लौटा.

परिजनों का कहना है कि जब तक अनुज का पता नहीं चलता, वे आश्रम के बाहर से नहीं हटेंगे. धरने में अनुज के पिता राजवीर सिंह, मां, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग शामिल हैं.

दीक्षा के बाद घर आया, फिर नहीं लौटा

अनुज हाथरस के बारामई खेड़ा गांव का रहने वाला है. पिता राजवीर सिंह के मुताबिक, अनुज पढ़ाई करता था और इस साल इंटर में था. वह चार बेटियों के बीच इकलौता बेटा है. पिता के अनुसार, अनुज का वृंदावन के पास पानीगांव में ननिहाल है और इसी दौरान उसका केलीकुंज आश्रम आना-जाना शुरू हुआ था.

परिजनों का कहना है कि दीक्षा लेने के बाद अनुज करीब पांच दिन घर पर रहा. इसके बाद वह प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकला. वह कंठी-माला और कुछ किताबें लेकर गया था. इसके बाद से उसका परिवार से संपर्क नहीं हुआ.

परिवार ने आश्रम पर लगाए आरोप

अनुज की दादी मुन्नी का आरोप है कि परिवार जब आश्रम में उसके बारे में जानकारी लेने पहुंचा तो उन्हें कथित तौर पर धक्का देकर बाहर कर दिया गया. परिवार ने आश्रम में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने की मांग भी की थी.

दादी के मुताबिक, आश्रम की ओर से परिवार को बताया गया कि अनुज साधना में है और वापस आ जाएगा. परिवार ने सादाबाद और बिसावर थाने में शिकायत भी की थी.

पुलिस पहुंची तो आश्रम ने दिया ये जवाब

धरने की सूचना पर वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची. सीओ वृंदावन संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने परिजनों से बातचीत की. पुलिस टीम ने आश्रम के अंदर जाकर अनुज के बारे में जानकारी जुटाई.

आश्रम की ओर से एक साधक बाहर आया और बताया कि सेवादारों के ग्रुप में अनुज की फोटो भेजकर जानकारी जुटाई गई है, लेकिन उसका पता नहीं चला. आश्रम प्रबंधन ने परिवार की मदद करने की बात कही.

सादाबाद में पहले से दर्ज है गुमशुदगी का केस

सीओ वृंदावन संदीप सिंह के मुताबिक, अनुज के लापता होने के संबंध में सादाबाद में मुकदमा दर्ज है. पुलिस आश्रम में दीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड भी चेक कर रही है और मामले की जांच जारी है. वहीं, परिवार का कहना है कि उन्हें अब तक अनुज के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. पिता ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ बेटे को सुरक्षित वापस पाने की है.