मथुरा. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. अब संत समाज और धर्माचार्य उनके समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं. वृंदावन में संतों और कथावाचकों की बैठक हुई. इसमें धीरेंद्र शास्त्री के बयान का समर्थन किया गया. संतों ने ‘संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ के नारे लगाए. साथ ही संतों और सनातन धर्म को निशाना बनाए जाने पर नाराजगी जताई.

इसे भी पढ़ें- मायावती की 6 दिसंबर को महारैली, अखिलेश के PDA को देंगी चुनौती! BSP ने बनाया बड़ा प्लान

संतों ने कहा- धीरेंद्र शास्त्री का बयान गलत नहीं

बैठक में शामिल धर्माचार्यों ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. उनका कहना था कि भगवान श्रीराम का अवतार मर्यादा की स्थापना के लिए हुआ था, जबकि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार लीलाओं के लिए हुआ था. इसलिए दोनों के प्रसंगों में अंतर होना स्वाभाविक है. संतों ने कहा कि बयान का विरोध करने वाले लोग उसके भावार्थ को समझने की कोशिश नहीं कर रहे हैं. बैठक में संत समाज ने एकजुट होकर धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन किया.

सनातन धर्म और संतों को निशाना बनाने का आरोप

कार्ष्णि नागेंद्र जी महाराज, प्रभारी काशी विद्वत्परिषद पश्चिमी भारत ने आरोप लगाया कि सनातन धर्म और संतों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संत और धर्माचार्य समाज में सनातन परंपराओं की रक्षा करते हैं. इसी वजह से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि संतों, ऋषि-मुनियों, कथावाचकों और ब्राह्मणों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसका असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिल सकता है.

संजीव कृष्ण ने अखिलेश यादव को घेरा

बैठक में कथावाचक संजीव कृष्ण ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव को सनातन धर्म और भगवान श्रीकृष्ण से प्रेम है तो उन्हें मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे पर अभियान चलाना चाहिए. उन्होंने कृष्ण जन्मभूमि परिसर में मस्जिद को लेकर भी सवाल उठाए. संजीव कृष्ण ने आरोप लगाया कि मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के लिए संतों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि संत समाज उनके पीछे खड़ा रहेगा.

इसे भी पढ़ें- सपा नेता की पत्नी ने छोड़ी PCS की नौकरी, यहां से चुनाव लड़ने की चर्चा

टीआरपी और व्यू के लिए होती हैं ऐसी बातें

प्रसिद्ध कथावाचक ठाकुर कृष्ण चंद्र शास्त्री ने भी धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण की अलग-अलग भावों से पूजा होती है. जिन लोगों को इन भावों का अर्थ नहीं पता, वे कृष्ण के बारे में सही समझ कैसे बना सकते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि टीआरपी और व्यू के लालच में लोग ऐसी बातें करते हैं. कृष्ण चंद्र शास्त्री ने साफ कहा कि संत समाज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ खड़ा है.