लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया की पत्नी अनुपमा राग ने PCS की नौकरी से इस्तीफा दे दिया है. वह यूपी सरकार में डिप्टी कमिश्नर (GST) के पद पर तैनात थीं. उनके इस्तीफे के बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी सियासत में एंट्री को लेकर चर्चा शुरू हो गई है.

अनुपमा राग ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया है. इसके साथ उन्होंने अपनी नई शुरुआत और सार्वजनिक जीवन में आने के फैसले की जानकारी दी है. उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा है कि प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर उनका कदम समाज के प्रति जिम्मेदारियों को नए रूप में निभाने का संकल्प है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Today : ठंड ने दी दस्तक, कई जनपदों में छाया कोहरा, आगामी दिनों में और गिरेगा तापमान

वीडियो के जरिए फैसले की जानकारी दी

अनुपमा ने अपनी पोस्ट में लिखा- एक नई शुरुआत… एक नए संकल्प के साथ! प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन की ओर मेरा यह कदम केवल एक नई भूमिका नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को एक नए रूप में निभाने का संकल्प है. मेरा विश्वास है कि बदलाव केवल विचारों से नहीं, बल्कि भागीदारी और सार्थक प्रयासों से आता है. आप सभी के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के साथ आज इस नई यात्रा की शुरुआत कर रही हूं.

उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का आवेदन स्वीकार होने की खबर भी सामने आई है. अनुपमा ने अपने संदेश में सार्वजनिक जीवन में आने की बात कही है. हालांकि, उन्होंने चुनाव लड़ने या किसी पार्टी से जुड़ने की औपचारिक घोषणा नहीं की है.

सिधौली सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा

अनुपमा राग के इस्तीफे के बाद चर्चा है कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में सीतापुर की सिधौली सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर उतर सकती हैं. उनकी मां सुशीला सरोज भी समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता रही हैं. वह मोहनलालगंज से लोकसभा सांसद रह चुकी हैं. अनुपमा पेशे से गायिका भी हैं और संगीत की दुनिया में उनकी पहचान है.

इसे भी पढ़ें- अयोध्या में दीपोत्सव आज, नगर में बना अभेद्य सुरक्षा घेरा, 20 जोन-53 सेक्टर में बंटी रामनगरी

कौन हैं अनुराग भदौरिया?

अनुपमा राग के पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं. वह पार्टी की ओर से टीवी डिबेट और राजनीतिक चर्चाओं में अक्सर सपा का पक्ष रखते नजर आते हैं. वह लखनऊ पूर्व विधानसभा सीट से 2017 और 2022 में चुनाव भी लड़ चुके हैं. अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा में उनकी पहचान पार्टी के प्रमुख मीडिया चेहरों में होती है.

अनुपमा की मां का राजनीतिक अनुभव और पति की सक्रिय राजनीति उनके सार्वजनिक जीवन में आने की चर्चा को और अहम बना रहे हैं. अब सबकी नजर इस बात पर है कि अनुपमा राग अपनी नई पारी किस भूमिका से शुरू करती हैं.