अजयारविंद नामदेव, शहडोल। बारिश की बूंदें आसमान से गिरीं तो शहडोल जिले की जैतपुर तहसील की छत ने भी जवाब दे दिया और अब सरकारी दफ्तर में फाइलों से ज्यादा डिब्बे नजर आ रहे हैं। शहडोल में बारिश ने सरकारी सिस्टम की एक ऐसी तस्वीर सामने ला दी, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाए। 

जैतपुर तहसील कार्यालय की जर्जर बिल्डिंग बारिश में इस कदर टपकने लगी कि कर्मचारियों को कार्यालय चलाने के लिए छत से गिरते पानी के नीचे प्लास्टिक के डिब्बे और टब रखने पड़े। जगह-जगह से टपकती छत, दीवारों में रिसता पानी और करंट का खतरा, इन सबके बीच कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं।

हालात ऐसे हैं कि सरकारी दफ्तर में कामकाज फाइलों और कंप्यूटरों से कम, पानी से बचाव के इंतजामों के बीच ज्यादा होता नजर आ रहा है। तहसील भवन की छत टपकी तो मरम्मत नहीं हुई, बल्कि नीचे प्लास्टिक के टब रख दिए गए,मानो बारिश के पानी को रोकने के लिए सरकारी सिस्टम ने ‘डिब्बा योजना’ शुरू कर दी हो।

शहडोल जिले में लगातार हो रही बारिश से जहां नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, वहीं जैतपुर तहसील कार्यालय की पुरानी बिल्डिंग भी बारिश का पानी नहीं झेल पा रही, छत के कई हिस्सों से पानी टपक रहा है। दीवारों में भी नमी बढ़ गई है और पानी रिसने की शिकायत सामने आई है।

बारिश से निजात पाने के लिए विभाग ने बाकायदा प्लास्टिक के बड़े-बड़े डिब्बे और टब रख दिए हैं। जहां से पानी टपकता है, उसके ठीक नीचे डिब्बा रख दिया जाता है और उसी में पानी जमा किया जा रहा है। यानी सरकारी दफ्तर में अब बारिश के पानी को रोकने का इंतजाम किसी मरम्मत से नहीं, बल्कि प्लास्टिक के डिब्बों से हो रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति बिजली और कंप्यूटर सिस्टम को लेकर बताई जा रही है। कंप्यूटर ऑपरेटर के अनुसार, दीवारों में पानी रिसने के कारण हल्का बिजली का करंट महसूस हो रहा है। कंप्यूटर में भी करंट लगने की शिकायत सामने आई है। ऐसे में कर्मचारी डर के साये में काम करने को मजबूर हैं।

जैतपुर नायब तहसीलदार आरके पदमाकर का कहना है कि तहसील भवन पुराना होने के कारण बारिश में पानी टपक रहा है। समस्या की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और फिलहाल पानी को डिब्बों में एकत्र करने की व्यवस्था की गई है।

अब सवाल यह है कि जिस सरकारी भवन में रोजाना आम लोगों के राजस्व संबंधी काम होते हैं, वहां कर्मचारियों की सुरक्षा और जनता की सुविधा के लिए स्थायी इंतजाम कब होंगे, फिलहाल जैतपुर तहसील में बारिश के पानी से बचने का सरकारी जुगाड़ जरूर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m