Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा में भारी बारिश के बाद बने हालात के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। जल संसाधन विभाग के सर्वोच्च अभियंता ने स्पष्ट किया है कि राज्य में फिलहाल किसी भी तरह की बाढ़ की स्थिति नहीं है। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण वैतरणी और जलका नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, लेकिन अब पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है।
जल संसाधन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार; आख्यापदा पर वैतरणी नदी का जलस्तर नीचे आ गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि कल तक यहां स्थिति पूरी तरह से सामान्य हो जाएगी। बालेश्वर और बस्ता क्षेत्र में जलका नदी के कारण जल निकासी की समस्या उत्पन्न हुई थी, लेकिन अब इसका जलस्तर खतरे के निशान से नीचे पहुंच चुका है। इन दोनों नदियों के बेसिन में बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।
महानदी बेसिन में भी बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है। हीराकुद जलाशय में ऊपरी इलाकों से आने वाले बाढ़ के पानी को रोकने और संभालने के लिए पर्याप्त क्षमता मौजूद है। ऊपरी क्षेत्र छत्तीसगढ़ में बारिश न होने से खतरा काफी कम है। विभाग ने जानकारी दी है कि सुवर्णरेखा नदी के राजघाट केंद्र पर आज रात जलस्तर में मामूली वृद्धि हो सकती है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
यद्यपि नदियों में बाढ़ का बड़ा खतरा टल गया है, फिर भी तटीय जिलों जैसे भद्रक, बालेश्वर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर के कुछ निचले इलाकों में अभी भी पानी भरा हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इन निचले क्षेत्रों से पानी को पूरी तरह निकलने में लगभग 3 से 4 दिन का समय लग सकता है।
बारिश थमने और नदियों के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज होने से राज्य प्रशासन और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


