सोनू वर्मा , नूंह। Nuh स्थित सर्किट हाउस में Maman Khan ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की अहम बैठक ली। बैठक में बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने अधिकारियों को 15 दिन के भीतर हर घर तक पानी पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक ने कई लंबित परियोजनाओं पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भादस, दोहा, झिमरावट, नांगल बिलोडा, साकरस, ढाणा, बुबलेहडी सहित कई गांवों में जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जहां पाइपलाइन नहीं बिछी है, वहां तुरंत कार्य शुरू किया जाए।
बैठक में Shailendra Singh, एसई गुरुग्राम, एक्सईएन रोहित कुमार, अमित, एसडीओ और जेई भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधायक को आश्वासन दिया कि 15 दिनों के भीतर सभी गांवों में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।
इसके साथ ही विधायक ने सभी पानी टैंकों की सफाई और ढक्कन लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि पेयजल स्रोतों में गंदगी न पहुंच सके।

