हिसार। हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में अब गर्मी ने धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पूरे इलाके में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है, क्योंकि उत्तरी हवाओं के चलते रात्रि तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना हुआ है।


मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, अप्रैल के पहले पखवाड़े में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के कारण बारिश, बूंदाबांदी, ओलावृष्टि और आंधी-अंधड़ जैसी गतिविधियों ने तापमान को नियंत्रित रखा। लेकिन अब किसी सक्रिय मौसम प्रणाली के न होने, पश्चिमी शुष्क हवाओं और तेज धूप के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है।


कई जिलों में 36 डिग्री के पार
राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान 35°C से ऊपर पहुंच चुका है।

भिवानी: 37.2°C

हिसार: 36.7°C

रोहतक: 36.6°C

इसके अलावा चरखी दादरी, गुरुग्राम, जींद, मेवात, सिरसा और सोनीपत में भी तापमान 36°C या उससे अधिक दर्ज किया गया है।

आगे और बढ़ेगी गर्मी


अभी ज्यादातर जगहों पर रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, लेकिन दिन का तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। आने वाले दिनों में हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
विशेषकर हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में तापमान 41°C या उससे अधिक तक पहुंच सकता है। साथ ही, कुछ स्थानों पर हीट वेव (लू) की स्थिति बनने की भी संभावना जताई गई है।