अंबाला। अंबाला में सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते काले घने बादल छा गए। इसके बाद धूल भरी तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने पूरे इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया।

तूफान इतना तेज था कि इसका सीधा असर नेशनल हाईवे 152-D पर देखने को मिला, जहां तेज हवाओं के कारण तीन बड़े कैंटर सड़क पर ही पलट गए। वहीं, शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई जगहों पर पेड़ उखड़ने और बिजली के खंभे गिरने की भी घटनाएं सामने आई हैं।

गनीमत रही कि इस पूरे हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि सड़क हादसों और अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और हाईवे से गिरे पेड़ों को हटाने के साथ यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।