मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) हुई है। जहां एक तरफ इस बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं दूसरी तरफ तेज हवाओं और ओलों के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। धूलभरी तेज आंधी चलने के बाद शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण शहर के कई रिहायशी इलाकों में बिजली गुल हो गई। वार्ड क्रमांक 20 के खातीपुरा स्थित सरकारी स्कूल के पास एक बड़ा हादसा टल गया, जहाँ तेज आंधी के कारण एक विशाल पेड़ और बिजली का पोल सड़क पर खड़ी एक कार के ऊपर जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार में कोई मौजूद नहीं था।
तेज हवा के साथ गिरे ओले, सड़कों पर भरा पानी
बैतूल जिले और उसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी दोपहर बाद आसमान में काले घने बादल छा गए। देखते ही देखते चक्रवाती तूफान जैसी तेज हवाएं चलने लगीं और बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि शुरू हो गई। अचानक गिरे ओलों के कारण लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। तेज आंधी के कारण कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन बाधित हुआ। भारी बारिश के चलते शहर की सड़कों पर पानी भर गया। इस पूरी ओलावृष्टि का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फसलों को नुकसान की आशंका
अचानक हुई इस ओलावृष्टि और तेज आंधी ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी फसलों और फलदार पौधों (बागवानी) को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक नुकसान का कोई आधिकारिक आकलन (Survey) शुरू नहीं किया गया है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वातावरण में सक्रिय चक्रवातों के कारण मौसम में यह अचानक बदलाव देखा जा रहा है। विभाग ने आगामी कुछ घंटों तक प्रदेश के इन हिस्सों में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
भीषण गर्मी से मिली राहत
धर्मेंद्र योगी, खातेगांव। मौसम में अचानक बदलाव आया है खातेगांव और आसपास के इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का दौर चल रहा है और कुछ स्थानों पर तेज हवा भी दर्ज की गई है। दोपहर करीब 3 बजे आसमान में काले घने बादल छा गए इसके तुरंत बाद तेज हवाओं और आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। धूलभरी आंधी के साथ आई बारिश ने पूरे इलाके को तरबतर कर दिया। लोगों ने भीषण गर्मी से राहत की सांस ली है।

