चंडीगढ़। हरियाणा में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच मौसम विभाग ने राहत के संकेत दिए हैं। प्रदेश में शुक्रवार को पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हरियाणा के 10 जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, सोनीपत, झज्जर और महेंद्रगढ़ जिलों में मौसम का मिजाज बदलेगा। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की भी उम्मीद है, जिससे लोगों को झुलसाती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में गर्मी का प्रकोप देखा गया, जहां अधिकतम तापमान में औसतन 1.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य तापमान से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। महेंद्रगढ़ का नारनौल 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके अलावा प्रदेश के 10 अन्य शहरों में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया था।
प्रदेश में अब रातें भी गर्म
वहीं, प्रदेश में अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान में औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। नारनौल और चरखी दादरी में न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक है। महेंद्रगढ़, हिसार और रोहतक में भी रात के तापमान में उछाल देखा गया है। फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले कुछ घंटों में तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है।

