उचाना। जींद जिले में दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बड़ौदा गांव के पास बारात में जा रही आर्टिका कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे पाइपों से जा टकराया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, छात्तर गांव निवासी मोहित की बारात बड़ौदा गांव जा रही थी। आर्टिका कार में नौ युवक सवार थे। रास्ते में अचानक कार का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार हाईवे किनारे रखे पाइपों से जा भिड़ी।

अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उचाना नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल युवकों को बाद में परिजन हिसार के अस्पताल ले गए। हादसे में अकुंश (छात्तर) और दीपक (करसिंधु) की मौत हो गई।

टायर फटने से हुआ हादसा
थाना प्रभारी चंद्रपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार का टायर फटना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद शादी वाले घर में खुशी का माहौल पलभर में गम में बदल गया।