करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 24 साल की लेडी नर्स चांदनी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवती घर पर बिल्कुल अकेली थी। काम खत्म करके जब उसकी मां घर लौटी, तो बेटी का शव फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मंगेतर से वीडियो कॉल के बाद उठाया कदम
मृतका के पिता रामस्वरूप ने बताया कि चांदनी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक निजी अस्पताल में ट्रेनिंग ले रही थी। करीब तीन साल पहले उसका रिश्ता बसताड़ा गांव के रहने वाले अमन के साथ तय हुआ था। युवक विदेश यानी इटली में रहता है। दोनों की शादी आगामी तीन महीने बाद होनी तय थी और विदेश जाने की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। परिवार में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं और खरीदारी भी चल रही थी।
परिवार का आरोप है कि आत्महत्या करने से ठीक पहले चांदनी की अपने मंगेतर के साथ वीडियो कॉल पर लंबी बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान मंगेतर ने शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से आहत होकर युवती ने यह खौफनाक कदम उठा लिया और कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-32-33 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद ही आरोपी युवक के खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


