West Bengal By-Election 2026: पश्चिम बंगाल में 6 अक्टूबर को होने वाले रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एक ओर उम्मीदवारों की गिरफ्तारी और नामांकन वापसी से सियासी हलचल बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है।
रेजीनगर के निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के निर्दलीय उम्मीदवार सैफुल इस्लाम को बहरामपुर से गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तारी 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प से जुड़े मामले में की गई है। सैफुल इस्लाम आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) से जुड़े हुए हैं। यह कार्रवाई कांग्रेस के नंदीग्राम उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी के एक दिन बाद हुई है।
AJUP नेता नकली नोट और हथियारों के साथ पकड़े गए
मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस ने शुक्रवार को AJUP के प्रदेश सचिव आशिक इकबाल को वाहन जांच के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उनके पास बड़ी मात्रा में नकली नोट और अवैध हथियार बरामद हुए। उनके साथ यात्रा कर रहे एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है।
नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान न्यायिक हिरासत में
कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को 2007 के नंदीग्राम भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान हुए एक पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक, उनके खिलाफ पहले से वारंट जारी था। अदालत ने उन्हें 3 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रेजीनगर में TMC उम्मीदवार का यू-टर्न
TMC उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने शनिवार सुबह चुनाव से हटने की घोषणा की, लेकिन करीब तीन घंटे बाद अपना फैसला बदल दिया। उन्होंने चुनाव चिह्न नहीं मिलने को नाम वापसी की वजह बताया था। हालांकि, ममता बनर्जी से बातचीत के बाद उन्होंने चुनाव लड़ने का ऐलान किया।
TMC के नाम-सिंबल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं ममता
TMC के नाम और ‘जोड़ा घासफूल’ चुनाव चिह्न को फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले को ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। आयोग ने दोनों गुटों को अलग-अलग नाम और चुनाव चिह्न आवंटित किए हैं। ममता गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ और ‘फुटबॉल प्लेयर’ सिंबल मिला है, जबकि अरूप रॉय गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘लिफाफा’ चिह्न दिया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



