Dharm Desk: कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि यानी आज अहोई अष्टमी का पावन व्रत रखा जा रहा है। यह दिन माताओं के लिए बहुत खास होता है। इस दिन माताएं अपनी संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ व्रत रखती हैं। अहोई अष्टमी और प्रदोष काल का संयोग शिव-शक्ति की आराधना के लिए भी विशेष अवसर है।
आज के दिन शंकर जी और माता पार्वती के निमित्त दीप प्रज्वलित करके संतान की खुशहाली, परिवार की सुख-समृद्धि और जीवन की परेशानियों से मुक्ति के लिए प्रार्थना करें। आज अहोई अष्टमी के पावन अवसर पर शिव और शक्ति की आराधना के साथ अपनी संतान के सुखद भविष्य की कामना करें। प्रदोष काल में लंबी और गोल बत्ती के दो दीपक प्रज्वलित करके भगवान शिव और माता पार्वती का आशीर्वाद प्राप्त करने की प्रार्थना करें।
आज प्रदोष काल में दीपदान करते समय कुछ बातों का बहुत ध्यान रखें। सबसे पहले स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव और माता पार्वती का स्मरण करें। दोनों दीपक श्रद्धापूर्वक प्रज्वलित करें और अपनी मनोकामना व्यक्त करें। दीपदान के बाद कुछ समय मंदिर में बैठकर शिव मंत्रों का जाप करें।
प्रदोष काल में जलाएं दो विशेष दीपक
आज अहोई अष्टमी पर प्रदोष काल के समय नजदीकी शंकर मंदिर जाएं। वहां शंकर जी और माता पार्वती के सामने दो अलग-अलग दीपक प्रज्वलित करें। इन दोनों दीपकों की बत्ती अलग-अलग प्रकार की होनी चाहिए।
लंबी बत्ती का दीपक
पहला दीपक लंबी बत्ती से जलाएं और इसे माता पार्वती को समर्पित करें। माता पार्वती मातृत्व, शक्ति और सृजन का स्वरूप हैं। इस दीपक को जलाते समय संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करें।
गोल बत्ती का दीपक
दूसरा दीपक गोल बत्ती से जलाएं और भगवान शंकर के निमित्त समर्पित करें। इस दौरान परिवार में सुख-शांति बनाए रखने और जीवन की परेशानियों से मुक्ति पाने की कामना करें।
शिव-शक्ति की संयुक्त आराधना करते समय अपनी समस्याओं को ध्यान में रखकर भगवान से प्रार्थना करें। विशेष रूप से इन तीन बातों के लिए दीपदान करें।
संतान की उन्नति के लिए
यदि बच्चों की पढ़ाई, करियर, नौकरी या रोजगार को लेकर परेशानियां बनी हुई हैं तो माता पार्वती और शंकर जी से उनकी सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना करें।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के लिए
परिवार में किसी सदस्य की लंबी बीमारी या स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या चल रही है तो उसके अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करें।
आर्थिक परेशानियों से मुक्ति के लिए
यदि घर में आर्थिक तंगी, कर्ज या धन की कमी बनी हुई है तो महादेव के सामने दीपक जलाकर आर्थिक स्थिरता और सुख-समृद्धि की कामना करें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

