कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार, 6 अगस्त को Instagram पर Gen Z के साथ Ask Me Anything (AMA) सेशन किया। इस दौरान छात्रों के आंदोलन, शिक्षा व्यवस्था, महिलाओं की भूमिका, राजनीति और उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कई सवाल पूछे गए। राहुल गांधी ने कुछ गंभीर मुद्दों पर अपनी राय रखी तो कुछ सवालों के जवाब हल्के-फुल्के अंदाज में दिए।

शादी कब करेंगे राहुल गांधी?

AMA सेशन में राहुल गांधी से एक बार फिर उनकी शादी को लेकर सवाल पूछा गया। यह उनके सबसे चर्चित निजी सवालों में से एक रहा है। इस पर राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस विषय पर उनसे लंबे समय से सवाल किए जा रहे हैं और अब समय आ गया है कि वह इसका जवाब दें। हालांकि, उन्होंने इसके बाद शादी की तारीख या भविष्य की कोई जानकारी साझा नहीं की।

JPSC छात्र आंदोलन पर बोले राहुल गांधी

झारखंड में JPSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर राहुल गांधी ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था गंभीर संकट में है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मौजूदा विरोध-प्रदर्शन केवल किसी एक सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था की खामियों के खिलाफ हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था महंगी और दमनकारी हो चुकी है। उन्होंने केंद्र, कांग्रेस और झारखंड सरकार समेत सभी सरकारों से छात्रों की बात सुनने और शिक्षा प्रणाली में बदलाव के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

महिलाओं को बराबरी से भी ज्यादा जगह मिले

महिलाओं की शिक्षा और अधिकारों पर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं को बराबरी का या उससे भी ज्यादा स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने भारतीय महिलाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि समाज, शिक्षा व्यवस्था और कॉर्पोरेट क्षेत्र में महिलाओं के साथ होने वाला व्यवहार उन्हें पसंद नहीं है।

BJP में कौन हैं राहुल गांधी के पसंदीदा नेता?

जब राहुल गांधी से BJP के पसंदीदा नेता का नाम पूछा गया तो उन्होंने पूर्व पंजाब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। उन्होंने अमरिंदर सिंह के साथ अपने अच्छे संबंधों और उनकी सैन्य पृष्ठभूमि की जानकारी की तारीफ की।

क्या राहुल गांधी हैं Batman?

सेशन में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह Batman हैं, तो राहुल गांधी ने मजाकिया जवाब देते हुए कहा कि वह इतना ही कह सकते हैं कि किसी ने उन्हें और Batman को कभी एक ही कमरे में साथ नहीं देखा है। राहुल गांधी का यह जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m