अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की इछावर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम बालोड़िया में आयोजित शासकीय कार्यक्रम के दौरान एक बेहद रोचक और आत्मीय दृश्य देखने को मिला। मंच पर प्रदेश के राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा और कलेक्टर बालागुरु के बीच हंसी मजाक और आत्मीय बातचीत ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
शासकीय मंच पर मंत्री करणसिंह वर्मा ने कलेक्टर को जीवन और प्रशासनिक सेवा का गहरा फलसफा समझाते हुए कहा कि पद और जीवन दोनों ही अस्थायी हैं, इसलिए जब तक जिम्मेदारी मिली है, जनता के हित में खुलकर और खुशी-खुशी काम करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान जब माइक हाथ में लेकर मंत्री करणसिंह वर्मा ने कलेक्टर से संवाद शुरू किया, तो पूरा पांडाल ठहाकों से गूंज उठा। मंत्रीजी ने हंसते हुए कलेक्टर बालागुरु की ओर इशारा कर कहा कि अरे यार न मेरी कोई गारंटी है, न आपकी गारंटी है। आपका क्या जाता है आज आप कलेक्टर हो, कल नहीं रहोगे। आज मैं मंत्री हूँ, कल नहीं रहूँगा। बाद में कोई किसी को याद नहीं रखता और न ही कोई पूछता है। इसलिए जब तक हम अपने पद पर हैं, काम करो काम करने में ही असली मजा आता है!
READ MORE: बालाघाट में 32 बैगा बच्चों की मौत का मामला; कल परिजनों से मिलेंगे जीतू पटवारी, कलेक्टर कार्यालय का करेंगे घेराव
उनकी इस सादगी और जीवन के कड़वे सच को सहजता से बयां करने के अंदाज पर मंच पर बैठे अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उपस्थित ग्रामीणों ने जोरदार ठहाके लगाए। कलेक्टर की भाषा सुधार पर चुटकी लेकर कहा कि अब तो सीख गए हैं साहब संवाद को आगे बढ़ाते हुए राजस्वमंत्री ने कलेक्टर की स्थानीय भाषा और बोली पर भी चुटकी ली। उन्होंने जनता और मंच की ओर देखते हुए मुस्कुराकर कहा कलेक्टर साहब हमारे बड़े सीधे हैं। जब आए थे तो यहाँ की भाषा नहीं जानते थे, लेकिन अब तो काफी सीख गए हैं। काम भी बढ़िया कर रहे हैं और बात भी समझ रहे हैं।
मंत्री के इस मजेदार कमेंट पर कलेक्टर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मंच पर ठहाके लगाते नजर आए। हंसी-मजाक के इस दौर के बीच मंत्री करणसिंह वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की सिफारिश या हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। अगर जनता का कोई काम है, तो उसे तत्काल और बिना किसी परेशानी के पूरा किया जाना चाहिए।
READ MORE: इलाज के लिए समय नहीं, विवाद के लिए वक्त ! वायरल वीडियो ने फिर उठाए सिंगरौली जिला अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल
ग्राम बालोड़िया का यह कार्यक्रम केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंत्री और कलेक्टर के बीच हुए इस अनौपचारिक संवाद ने प्रशासनिक व्यवस्था और जनता के बीच की दूरी को मिटाते हुए कार्यक्रम को बेहद जीवंत और स्मरणीय बना दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



