पलवल। पलवल की सड़क पर सोमवार दोपहर उस समय लोगों की नजरें एक रोडवेज बस और उसके पीछे चल रहे काफिले पर टिक गईं, जब एक मंत्री ने खुद बीच रास्ते वाहन रुकवाकर पूरे मामले की जानकारी लेनी शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई को देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। आखिर ऐसी क्या वजह थी कि मंत्री को सड़क पर उतरकर बस का पीछा करना पड़ा?

दरअसल, मामला पलवल-बड़ौली मार्ग का है। कॉलेज की छुट्टी के बाद कई छात्राएं बस स्टॉप पर खड़ी होकर रोडवेज बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान हसनपुर से पलवल जा रही हरियाणा रोडवेज की एक बस वहां पहुंची, लेकिन छात्राओं के इशारा करने के बावजूद चालक बस नहीं रोक सका और वाहन आगे निकल गया। इसकी सूचना खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम तक पहुंची तो उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और बस का पीछा कर उसे कुछ दूरी पर रुकवा लिया।

बस रुकते ही मंत्री ने चालक से छात्राओं को छोड़कर जाने का कारण पूछा और नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल बस को वापस बस स्टॉप पर ले जाने के निर्देश दिए। मंत्री के आदेश के बाद बस वापस पहुंची, जहां इंतजार कर रही छात्राओं, महिलाओं और अन्य यात्रियों को बस में बैठाया गया। इसके बाद बस को सभी यात्रियों के साथ पलवल के लिए रवाना किया गया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंत्री गौरव गौतम चालक से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। मामले के तूल पकड़ने के बाद पलवल रोडवेज डिपो प्रशासन ने भी कार्रवाई करते हुए चालक सोनू और परिचालक धर्मेंद्र कुमार को चार्जशीट कर दिया है। वहीं मंत्री ने कहा कि रोडवेज से जुड़ी ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं और पूरे मामले की शिकायत परिवहन मंत्री से कर दोषियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।

देखें वीडियो