Automobile Desk – गर्मी के दिनों में या अचानक मौसम खराब होने पर बिजली का जाना एक आम समस्या है। ऐसे समय में अकसर लोग इन्वर्टर या जनरेटर के भरोसे बैठते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके गैरेज में खड़ी इलेक्ट्रिक कार भी आपात स्थिति में बेहतरीन पावर बैकअप का काम कर सकती है? जी हां, आज की आधुनिक इलेक्ट्रिक गाड़ियों में ऐसे फीचर्स आ रहे हैं, जो जरूरत पड़ने पर कार की बैटरी में जमा बिजली से आपके घर के जरूरी बिजली उपकरणों को चला सकते हैं।

ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस खास फीचर को V2L यानी ‘व्हीकल टू लोड’ तकनीक कहा जाता है। आसान शब्दों में समझें तो यह एक ऐसा सिस्टम है, जो कार की बड़ी लिथियम-आयन बैटरी में स्टोर डायरेक्ट करंट (DC) को इन्वर्टर की मदद से अल्टरनेटिंग करंट (AC) में बदल देता है। हमारे घरों में इस्तेमाल होने वाले ज्यादातर उपकरण AC बिजली पर ही काम करते हैं। गाड़ी में मिलने वाले सॉकेट या विशेष अडैप्टर के जरिए आप अपने गैजेट्स या होम अप्लायंसेस को जोड़ सकते हैं।

इस V2L तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बिजली कटने पर आपको अंधेरे में नहीं रहना पड़ेगा। इससे आप घर का सीलिंग फैन, 3-4 LED बल्ब, लैपटॉप का चार्जर और स्मार्टफोन आसानी से चार्ज कर सकते हैं। अगर पावर खपत का गणित देखें, तो औसतन एक पंखा और कुछ LED लाइट मिलकर करीब 100 वॉट बिजली खींचते हैं। इस हिसाब से अगर यह सेटअप लगातार 10 घंटे भी चलता है, तो कार की बैटरी से महज 1 यूनिट बिजली ही खर्च होगी।

हालांकि, कार से पावर बैकअप लेते समय कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। पहली बात यह कि हर ईवी की बिजली देने की क्षमता यानी पावर आउटपुट अलग होता है। आमतौर पर गाड़ियां 3.3 kW तक का लोड उठाने में सक्षम होती हैं। इसलिए पंखे, लाइट, टेबल लैंप और मोबाइल-लैपटॉप जैसे कम पावर वाले उपकरण चलाना तो बिल्कुल सुरक्षित है, लेकिन एयर कंडीशनर (AC), गीजर, रूम हीटर या माइक्रोवेव जैसे भारी उपकरण जोड़ने से बचना चाहिए। ऐसा करने से पहले अपनी गाड़ी की लोड कैपेसिटी जरूर जांच लें। इसके अलावा, कार की पूरी बैटरी को कभी भी घरेलू इस्तेमाल में खाली न करें, ताकि जरूरत पड़ने पर गाड़ी चलाने के लिए पर्याप्त चार्ज बचा रहे।

इसी तकनीक का एक और एडवांस्ड रूप है V2H यानी ‘व्हीकल टू होम’। जहां V2L से आप कुछ चुनिंदा उपकरणों को सीधे कार के सॉकेट से जोड़ते हैं, वहीं V2H तकनीक कार को सीधे आपके घर की मुख्य बिजली सप्लाई से जोड़ देती है। इसके लिए घर में एक विशेष बायडायरेक्शनल चार्जर और इलेक्ट्रिकल वायरिंग की जरूरत होती है। हालांकि, यह तकनीक अभी केवल कुछ प्रीमियम EVs में ही देखने को मिलती है। यदि आप अपनी इलेक्ट्रिक कार को होम बैकअप की तरह इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो वाहन खरीदते समय शोरूम से V2L या V2H सपोर्ट की पूरी जानकारी जरूर हासिल कर लें।