“A stitch in time saves nine” का मतलब है कि समय पर किया गया छोटा-सा काम भविष्य में बड़ी समस्याओं से बचाते हुए बहुत काम आता है। यह सूत्र वाक्य हमें जीवन के हर क्षेत्र में समयबद्धता का महत्व समझाती है। काम को टालने और टालमटोल की आदत भविष्य की बड़ी परेशानियों का कारण बन जाती है।

इस बात को समझाने के लिए गोस्वामी तुलसीदास जी ने श्रीरामचरितमानस में लिखा है का वर्षा जब कृषी सुखाने। इसका अर्थ है कि समय बीत जाने पर जब फसल सूख जाए और वर्षा हो, तो उसका कोई लाभ नहीं होता। अवसर निकल जाने के बाद किया गया प्रयास सफ़ल नही होता और पर पछताने से कोई फायदा नहीं होता। हर काम समय पर ही उचित होता है। इसी तरह श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड से ली गई चौपाई समय सराहि करहु सब काजा।बिनु समय नहिं सिद्धि समाजा॥ का अर्थ है “हर काम को समय के अनुकूल ही करना चाहिए क्योंकि बिना सही समय के किसी भी कार्य में सफलता और सिद्धि नहीं मिलती।”

समय पर किए गए काम से न केवल हमारी मेहनत कम होती है बल्कि यह आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। आज सामने आने वाली बड़ी परेशानी आरम्भ में नि:संदेह बहुत छोटी रही होगी उसका निदान उसी समय करना बहुत लाभदायक होता है। इसे ही सिद्धांत बनाकर अपने जीवन में लागू करना चाहिए।

विद्यार्थी अध्ययन करे, युवा नौकरी करे, व्यापारी व्यापार करे या योगी ध्यान करे हर विधा में समय का सम्मान सर्वोपरि है। क्षेत्र चाहे जो हो समय का पालन ही सफलता की कुंजी है।

समय की महत्ता को समझने वाले लोगों की छोटी-छोटी सावधानियां उन्हें भविष्य के बड़े संकटों से बचा सकती हैं। समय की अनदेखी करने वाले अक्सर कठिनाइयों में फँसकर बाद में पछताते हैं।

समय की क़ीमत को पहचानते हुए हर काम को सही समय पर पूरा करने की आदत डालनी चाहिए क्योंकि यही आदत हमें न केवल सफल बनाएगी, बल्कि हमारे जीवन को सरल और संतुलित भी बनाएगी।

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H