आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश के युवाओं (जेन-जेड) से वर्चुअल संवाद किया. दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अगर नेपाल और बांग्लादेश के युवा सरकार बदल सकते हैं तो भारत के युवा पेपर लीक के खिलाफ क्यों नहीं खड़े हो सकते हैं. केजरीवाल ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी मामले की जांच CBI को सौंप दी गई है, लेकिन अब तक पेपर लीक मामलों में कोई ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली.

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तंज कसा कि इन नेताओं को देश में कोई दिलचस्पी नहीं. इनके बच्चे तो विदेशों में पढ़ते हैं. लेकिन हमारा परिवार तो इसी देश में रहता है. इसलिए हमें और युवाओं को मिलकर ही इस देश को बचाना होगा.

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला है. अरविंद केजरीवाल ने सवाल किया कि ज्यादातर पेपर लीक भाजपा शासित राज्यों में क्यों होते हैं, क्या इस घिनौने खेल में भाजपा के नेता सीधे तौर पर शामिल हैं? कुछ लोग सिस्टम फेल होने की बात करते हैं, लेकिन वे लोग ऐसा कहकर अनजाने में पेपर लीक में शामिल टॉप पर बैठे व्यक्ति को बचा रहे हैं. केजरीवाल ने कहा कि यह देश युवाओं का है.

NEET पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इस बार भी कुछ बीजेपी नेताओं के नाम सामने आए हैं. उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि अगर अब भी आवाज नहीं उठाई गई, तो हर साल पेपर लीक होते रहेंगे. 

केजरीवाल ने युवाओं से सड़कों पर उतरने, आंदोलन करने और दोषियों को जेल भेजने की अपील की. अरविंद केजरीवाल ने तंज कसा कि हर बार की तरह इस बार भी सीबीआई ने 10-15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. हर बार की तरह इस बार भी सभी आरोपी तीन से चार महीने में जमानत पर बाहर आ जाएंगे और हर बार की तरह इस बार भी ये सारे जेल से छूटे हुए बदमाश फिर से अगले साल पेपर लीक करने की तैयारी शुरू कर देंगे.

उन्होंने कहा कि बहुत हुआ पेपर लीक, अब इस घिनौने खेल को बंद करने के लिए सड़कों पर उतर कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना पड़ेगा. उन्होंने नेपाल और बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए युवाओं से कहा कि जब वहां जेन-जी अपनी सरकार बदल सकते हैं तो हमारे देश का जेन-जी पेपर लीक कराने में शामिल मंत्रियों-नेताओं को जेल क्यों नहीं भिजवा सकता.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m