गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप और बढ़ते तापमान से बचने की सलाह दी जाने लगती है। आमतौर पर लोग धूप से त्वचा को होने वाले नुकसान के बारे में ज्यादा जानते हैं, लेकिन बहुत कम लोग इस बात पर ध्यान देते हैं कि सूर्य की अल्ट्रावॉयलेट यानी यूवी किरणें आंखों के लिए भी बेहद हानिकारक हो सकती हैं। लगातार तेज धूप में रहने से आंखों की रोशनी प्रभावित होने के साथ कई गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में आंखों की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है जितनी त्वचा की देखभाल।
विशेषज्ञों के अनुसार, सूरज से निकलने वाली यूवी-ए और यूवी-बी किरणें आंखों की बाहरी और अंदरूनी परतों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। लंबे समय तक इन किरणों के संपर्क में रहने से आंखों में जलन, सूखापन, लालिमा और धुंधला दिखाई देने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई मामलों में यह नुकसान धीरे-धीरे बढ़ता है और व्यक्ति को इसका असर तुरंत महसूस नहीं होता।
कैसे पड़ता है असर ?
डॉक्टर बताते हैं कि यूवी किरणों का सबसे ज्यादा असर आंखों के कॉर्निया और रेटिना पर पड़ता है। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से फोटोकेराटाइटिस नाम की समस्या हो सकती है, जिसे आंखों का सनबर्न भी कहा जाता है। इसमें आंखों में तेज दर्द, पानी आना और रोशनी से परेशानी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसके अलावा लगातार यूवी एक्सपोजर मोतियाबिंद के खतरे को भी बढ़ा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, मोतियाबिंद के कई मामलों में यूवी किरणें एक अहम कारण मानी जाती हैं।
कैसे करें बचाव ?
गर्मी के मौसम में दोपहर 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच यूवी किरणों का प्रभाव सबसे ज्यादा होता है। इस दौरान बाहर निकलने पर आंखों को विशेष सुरक्षा की जरूरत पड़ती है। बच्चों और बुजुर्गों की आंखें यूवी किरणों के प्रति अधिक संवेदनशील मानी जाती हैं, इसलिए उनके लिए अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
सनग्लासेस पहने
आंखों को सुरक्षित रखने के लिए विशेषज्ञ कुछ आसान उपाय अपनाने की सलाह देते हैं। बाहर निकलते समय हमेशा ऐसे सनग्लासेस पहनें जिनमें 100 प्रतिशत यूवी प्रोटेक्शन हो। केवल फैशन के लिए पहने जाने वाले सामान्य चश्मे आंखों को पर्याप्त सुरक्षा नहीं देते।
टोपी- छाते का करें इस्तेमाल
इसके अलावा चौड़ी टोपी या छाता इस्तेमाल करने से भी आंखों पर पड़ने वाली सीधी धूप को कम किया जा सकता है।
ठंडे पानी से धोयें आंख
धूप में लंबे समय तक रहने से बचना, पर्याप्त पानी पीना और आंखों को बार-बार ठंडे पानी से धोना भी फायदेमंद माना जाता है। यदि आंखों में लगातार जलन, धुंधलापन या दर्द महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
गर्मियों में लोग अक्सर त्वचा को टैनिंग और सनबर्न से बचाने के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन आंखों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं। जबकि आंखें शरीर का बेहद संवेदनशील हिस्सा हैं और इनकी देखभाल में लापरवाही भविष्य में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। इसलिए इस गर्मी सिर्फ त्वचा ही नहीं, आंखों को भी यूवी किरणों से बचाना बेहद जरूरी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

