गर्मी का सबसे तीखा दौर माने जाने वाले नौतपा की शुरुआत हो चुकी है। मान्यता है कि इन 9 दिनों में सूर्य की तपिश सबसे ज्यादा रहती है और तापमान कई जगहों पर 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाता है। तेज धूप, गर्म हवाएं और बढ़ती उमस का असर सीधे हमारी सेहत पर पड़ता है। यही वजह है कि इस दौरान खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। भारतीय परंपरा और आयुर्वेद में नौतपा के दौरान कुछ चीजों को खाने से मना किया गया है, जिनमें बैंगन भी शामिल है। आखिर इन दिनों बैंगन खाने की मनाही क्यों होती है और इसके पीछे क्या कारण है, आइए जानते विस्तार से।
क्यों नहीं खाना चाहिए बैंगन?
आयुर्वेद के अनुसार बैंगन की तासीर गर्म मानी जाती है। नौतपा के दौरान शरीर पहले से ही अत्यधिक गर्मी का सामना कर रहा होता है। ऐसे में गर्म तासीर वाली चीजें खाने से शरीर में पित्त बढ़ सकता है। इससे पेट में जलन, एसिडिटी, अपच और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मियों में बैंगन जल्दी खराब भी हो सकता है। अधिक तापमान के कारण इसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है, जो फूड पॉइजनिंग या पेट खराब होने की वजह बन सकता है। यही कारण है कि पुराने समय से लोग नौतपा के दौरान बैंगन से दूरी बनाने की सलाह देते आए हैं।
एलर्जी और स्किन प्रॉब्लम का खतरा
बैंगन में कुछ ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो संवेदनशील लोगों में एलर्जी की समस्या बढ़ा सकते हैं। गर्मियों में शरीर पहले से डिहाइड्रेशन और हीट रैश जैसी परेशानियों से जूझ रहा होता है। ऐसे में बैंगन खाने से खुजली, दाने या स्किन एलर्जी की संभावना बढ़ सकती है।
पाचन पर पड़ता है असर
नौतपा के दिनों में पाचन तंत्र भी कमजोर पड़ने लगता है। ज्यादा मसालेदार या गर्म तासीर वाली चीजें खाने से पेट भारी महसूस हो सकता है। बैंगन फाइबर से भरपूर जरूर होता है, लेकिन गर्म मौसम में यह कई लोगों के लिए पचाना मुश्किल हो सकता है। खासतौर पर बुजुर्गों और बच्चों को इस दौरान हल्का और सुपाच्य भोजन करने की सलाह दी जाती है।
नौतपा में क्या खाना फायदेमंद?
इन दिनों शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन देने वाली चीजों को डाइट में शामिल करना चाहिए। जैसे—
1-दही, छाछ और लस्सी
2-तरबूज, खरबूजा और खीरा
3-नारियल पानी और नींबू पानी
4-सत्तू और बेल का शरबत
5-हरी सब्जियां और हल्का भोजन
इसके अलावा ज्यादा तला-भुना, मसालेदार और बाहर का खाना खाने से बचना चाहिए। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी बेहद जरूरी है।
खुद को ऐसे रखें सुरक्षित
नौतपा के दौरान दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और खानपान में संतुलन बनाए रखें। सही डाइट और थोड़ी सावधानी आपको इस भीषण गर्मी में स्वस्थ रखने में मदद कर सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

