कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार शाम एक महिला ने चाकू से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। पति के शरीर पर चाकू के कई वार किए गए। वारदात के बाद महिला ने खुद भी जान देने की कोशिश की और मकान की छत से छलांग लगा दी। उसे दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना पिहोवा रोड स्थित एक कॉलोनी की है। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। जांच के लिए स्नीफर डॉग को भी मौके पर बुलाया गया।

शराब पीने को लेकर अक्सर होता था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक राजेश (40) और उसकी पत्नी बिमला के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर के रहने वाले हैं और कुरुक्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि राजेश शराब पीने का आदी था और नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।

झगड़े के बाद चाकू से किया हमला

शुक्रवार शाम को भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान बिमला ने राजेश पर चाकू से हमला कर दिया। उसके शरीर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद बिमला ने मकान की छत से छलांग लगा दी। आशंका है कि उसने पति की मौत के बाद खुद भी जान देने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल बिमला को पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया।

कमरे में पड़ा मिला पति का शव

घटना की सूचना मिलने पर थर्ड गेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को कमरे में राजेश का शव मिला। उसके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए LNJP अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m