रणधीर परमार, छतरपुर। एमपी के छतरपुर में उत्तर प्रदेश की ज्योति मौर्य जैसा मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि जिस पत्नी को पढ़ाने के लिए उसने अपनी दुकान तक बंद कर दी, बच्चों की देखभाल की और पाई-पाई जोड़कर पत्नी को पढ़ाया, नौकरी लगते ही वही पत्नी अब उसके साथ रहने से इनकार कर रही है।
मामला छतरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां करीब 9 साल की शादी, दो बेटियां और एक बेटे के बाद दंपति के रिश्ते में ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि मामला मारपीट और अस्पताल तक जा पहुंचा। दरअसल, महोबा में कपड़ों का शोरूम चलाने वाले पति का कहना है कि कोरोना काल में शोरूम को भारी नुकसान हुआ। इसके बाद पत्नी के कहने पर उसने शोरूम बंद कर दिया और घर पर रहकर बच्चों की देखरेख करने लगा। साथ ही घर में जमा पैसे और अपनी मेहनत की कमाई से पत्नी की पढ़ाई पूरी करवाई।
पति का दावा है कि पत्नी की मेहनत में उसका भी पूरा सहयोग रहा और आखिरकार पत्नी की नौकरी शिक्षिका के पद पर लग गई।लेकिन पति के मुताबिक नौकरी लगते ही पत्नी के तेवर बदल गए और अब वह उसके साथ रहने को तैयार नहीं है। पति का आरोप है कि जब उसने पत्नी से साथ रहने की बात कही तो पत्नी और उसके भाई ने उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट के बाद पति इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।फिलहाल पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब थाने और अस्पताल तक पहुंच चुका है। पति के आरोपों में कितनी सच्चाई है और विवाद की असली वजह क्या है, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

