चंडीगढ़: अमेरिका में उच्च शिक्षा हासिल करने और उसके बाद वहीं शानदार करियर बनाने का सपना देखने वाले विदेशी छात्रों, विशेषकर भारतीयों को एक बहुत बड़ा झटका लग सकता है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रशासन के एक नए और बेहद कड़े प्रस्ताव (ट्रम्प प्लान) को लेकर इस समय वैश्विक स्तर पर हड़कंप मचा हुआ है। इस नए प्लान के तहत अमेरिका में पढ़ाई पूरी करने के बाद वहां नौकरी करने के इच्छुक विदेशी युवाओं को भारी-भरकम फीस चुकानी पड़ सकती है।

OPT के लिए देनी होगी ₹1 करोड़ की मोटी रकम!

सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में पढ़ाई के बाद काम करने की अनुमति देने वाले OPT (ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग) प्रोग्राम के लिए यह मोटी फीस प्रस्तावित की गई है। नए नियमों के अनुसार, छात्रों को नौकरी करने के लिए लगभग 96 लाख रुपये (करीब एक लाख डॉलर) की भारी-भरकम राशि बतौर फीस देनी होगी। वर्तमान में यह फीस करीब 40 हजार रुपये है, जिसे बढ़ाने का यह प्रस्ताव यदि पूरी तरह लागू होता है, तो छात्रों के लिए अमेरिका में टिकना बेहद मुश्किल हो जाएगा।

श्वेत हाउस की समिति ने दी हरी झंडी

इस चौंकाने वाले प्रस्ताव को लेकर शुरुआती प्रक्रियाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि गृह मंत्रालय के इस ड्राफ्ट को व्हाइट हाउस की समीक्षा समिति ने अपनी प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। अगले चरण में इसे देश के फेडरल रजिस्टर में प्रकाशित किया जाएगा, जिसके बाद इस पर आम लोगों और विशेषज्ञों की आपत्तियां व सुझाव मांगे जाएंगे। हालांकि, इस अनिश्चितता के माहौल से कोलंबिया यूनिवर्सिटी सहित कई बड़े अमेरिकी शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्र बेहद चिंतित हैं।

क्या अब यूरोप का रुख करेंगे भारतीय छात्र?

इस समय अमेरिका में पढ़ाई कर रहे करीब 10 लाख विदेशी छात्रों में एक बहुत बड़ी संख्या भारतीय युवाओं की है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका में पढ़ाई के बाद नौकरी के लिए ही एक करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़े, तो ग्रेजुएशन की करीब 50 लाख की फीस मिलाकर कुल खर्च आम परिवारों के बजट से पूरी तरह बाहर हो जाएगा। ऐसे में भारतीय छात्र अमेरिका का विकल्प छोड़कर अब जर्मनी और फ्रांस जैसे यूरोपीय देशों का रुख कर सकते हैं, जहां पढ़ाई और नौकरी के नियम अपेक्षाकृत काफी आसान और सस्ते हैं

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m