वाराणसी में भारतीय वायुसेना के एयर शो का आधिकारिक आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा, जिसमें 100 से अधिक विमान हिस्सा लेंगे. नमो घाट, अस्सी घाट और गंगा के ऊपर राफेल, सुखोई, तेजस तथा सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के हवाई करतब देखने को मिलेंगे.

वाराणसी. भारतीय वायुसेना के एयर शो का आधिकारिक आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को किया जाएगा. ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम के इस आयोजन में 100 से अधिक विमान अपनी हवाई क्षमता और करतबों का प्रदर्शन करेंगे. 21 अक्टूबर से इसकी रिहर्सल शुरू हो चुकी है और काशी के लोग इस आयोजन को देखने के लिए गंगा घाटों पर पहुंच रहे हैं.

दोपहर में दिखेगा एयर शो

एयर शो के दौरान नमो घाट, अस्सी घाट और गंगा नदी के ऊपर दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच फ्लाईपास्ट देखा जा सकेगा. इसमें राफेल, सुखोई, तेजस, जगुआर और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम शामिल होगी. तेजस विमान ‘अस्सी’ कॉलसाइन के साथ प्रदर्शन करेगा.

दर्शकों को सी-17 ग्लोबमास्टर विमान का फ्लाईपास्ट भी देखने को मिलेगा. इसके साथ सूर्यकिरण के हॉक विमानों की उड़ान और हेलीकॉप्टर से क्रूज पर जवानों के उतरने का प्रदर्शन भी एयर शो का हिस्सा होगा.

बच्चों में भी उत्साह

एयर शो देखने पहुंचीं प्रियंका जायसवाल ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि बनारस में इस तरह का आयोजन देखने को मिलेगा. उनके मुताबिक, वायुसेना के विमानों का प्रदर्शन देखकर देश के प्रति गर्व महसूस हो रहा है और बच्चे भी इसे लेकर काफी उत्साहित हैं.

इस तरह के आयोजन से बच्चों को भारतीय वायुसेना के बारे में जानने और भविष्य में उसमें शामिल होने की प्रेरणा मिल सकती है. उन्होंने इसे बच्चों को देश की उपलब्धियों और गौरव से परिचित कराने का अच्छा अवसर बताया.

काशी के लिए खास मौका

एयर शो देखने पहुंचे उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि बनारस के घाटों पर वायुसेना के जवानों की जांबाजी और विमानों की ताकत को इस तरह प्रत्यक्ष देख सकेंगे. उन्होंने इस आयोजन के पीछे प्रधानमंत्री की सोच की सराहना की.

अब तक लोग वायुसेना की ताकत का प्रदर्शन अधिकतर टेलीविजन पर देखते रहे हैं. ऐसे में काशी के घाटों पर यह आयोजन लोगों के लिए एक खास अनुभव है, जो देश के प्रति गर्व की भावना को मजबूत करेगा.