शुभम जायसवाल, राजगढ़। नरसिंहगढ़ स्थित लीलावती अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
गलत दवाएं देने और स्टाफ के नशे में होने का आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने इलाज में घोर लापरवाही बरती और महिला को गलत दवाएं दीं, जिससे उसकी जान चली गई। परिजनों ने यह भी गंभीर आरोप लगाया है कि ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल स्टाफ शराब के नशे में धुत था। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित स्टाफ का तत्काल चिकित्सीय परीक्षण (अल्कोहल टेस्ट) कराया जाए।
मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
महिला की मौत के बाद अस्पताल में बढ़ते तनाव और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और मृतका के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़ पहुँचाया।
अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने आरोपी अस्पताल प्रबंधन और दोषी कर्मचारियों पर मामला दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि लीलावती अस्पताल विवादों में नया नहीं है। महज दो-तीन दिन पहले भी इसी अस्पताल में एक अन्य महिला के गलत इलाज का गंभीर मामला सामने आया था, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


