प्रभाकर सिंह, कटनी। Katni News: मध्य प्रदेश की कटनी पुलिस ने छह महीने पुराने ब्लाइंड मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। महाशिवरात्रि के दौरान सिद्ध बाबा रोड के पास जली हुई हालत में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि युवक की मौत करंट लगने से हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को जंगल से उठाकर दूसरे स्थान पर फेंक दिया था।
कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि के दिन बहोरीबंद थाना क्षेत्र के सिद्ध बाबा रोड स्थित स्टॉप डैम के पास बांस के झुरमुट में 30 से 35 वर्षीय अज्ञात युवक का सड़ा-गला और जला हुआ शव मिला था। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
गठित टीम ने मृतक की पहचान के लिए लगातार प्रयास किए। शव के कपड़ों पर लगे RS टेलर्स मझौली के टैग से जांच आगे बढ़ी। बाद में डीएनए जांच के जरिए शव की पहचान दुर्गा बर्मन, निवासी पड़वार, के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को कोल्हई देव के जंगल से मृतक के सामान और अधजले कपड़े मिले। तकनीकी सबूतों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पता चला कि कुछ लोग जंगल में करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि महाशिवरात्रि की रात उन्होंने जंगली सूअर और खरहा के शिकार के लिए बिजली का करंट बिछाया था। इसी दौरान दुर्गा बर्मन करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने शव को मोटरसाइकिल पर ले जाकर सिद्ध बाबा रोड स्थित बांस के झुरमुट में फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में धर्मेन्द्र उर्फ टिक्कू यादव, धर्मेन्द्र उर्फ धम्मू गोटिया और सुखदेव उर्फ सुक्के यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है। इस ब्लाइंड मर्डर केस के खुलासे में बहोरीबंद थाना पुलिस और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


