कुमार इंदर, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के गढ़ा थाना इलाके में एक युवती के हाई-वोल्टेज ड्रामे के चलते सड़क पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार सवार द्वारा महज साइड हटने के लिए ‘दीदी’ कह देना युवती को इतना नागवार गुजरा कि उसने बीच सड़क पर ही कार के सामने खड़े होकर ट्रैफिक पूरी तरह ठप्प कर दिया।
दीदी बोलने पर बिगड़ा मिजाज
जानकारी के मुताबिक, गढ़ा थाने के ठीक सामने मुख्य मार्ग पर एक कार सवार ने युवती से साइड होने का आग्रह करते हुए उसे ‘दीदी’ कहकर संबोधित कर दिया। इस बात पर युवती का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह कार चालक से उलझ पड़ी। गुस्से में आई युवती कार के बिल्कुल सामने आकर खड़ी हो गई और रास्ता ब्लॉक कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
लोगों के समझाने का नहीं हुआ असर
सड़क पर जाम बढ़ता देख आसपास मौजूद राहगीरों और दुकानदारों ने युवती को समझाने और साइड होने की काफी मिन्नतें कीं, लेकिन वह अपनी ज़िद पर अड़ी रही। इस बीच सड़क पर तमाशबीनों की भीड़ जुट गई और पूरे एक घंटे तक राहगीरों को भारी जाम की परेशानी झेलनी पड़ी।
महिला पुलिस की कमी पर उठे सवाल
काफी देर तक चले इस हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया और यातायात सुचारू रूप से शुरू करवाया। हालांकि, थाने के ठीक सामने हुए इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि यदि मौके पर तुरंत महिला पुलिसकर्मी (लेडी पुलिस) तैनात कर दी जाती, तो इस ड्रामे को जल्द खत्म कराया जा सकता था और आम जनता को घंटे भर जाम में परेशान नहीं होना पड़ता।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


