अभिषेक सेमर, तखतपुर। क्षेत्र के ग्राम सावाडबरा से एक महिला अपने तीन नाबालिग बच्चों सहित रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी महिला और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है, वहीं पूरे इलाके में मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला बीते 4 मई को अपने तीन बच्चों के साथ बहन के घर बिलासपुर जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा है और परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो मामले की सूचना तखतपुर थाना में दी गई।
मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि पांच दिन गुजर जाने के बाद भी महिला और बच्चों का कोई पता नहीं चलने से परिजनों के साथ-साथ समाज के लोगों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इसी को लेकर कलार समाज के पदाधिकारी और समाज प्रमुख तखतपुर थाना पहुंचे और थाना प्रभारी विवेक पांडेय से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौपा। समाज के लोगों ने जांच की धीमी रफ्तार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।
समाज प्रमुखों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला और बच्चों की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है। वहीं महिला और उसके तीन बच्चों के अचानक गायब होने की घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं।
इधर तखतपुर थाना प्रभारी विवेक पांडेय ने बताया कि गुमशुदा महिला और बच्चों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

