कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से हैवानियत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने नौकरी के नाम पर महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। इतना ही नहीं, उसकी नाबालिग बेटी से भी छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद महिला ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
आरोपी नगर पालिका का कर्मचारी है। झांसी रोड थाना क्षेत्र के भैरो बाबा मंदिर के पास नाका चन्द्रवदनी निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत कर बताया कि वह 4 साल पहले पति से अलग होने के बाद डबरा से ग्वालियर बेटी के साथ आई थी। यहां वह आर्थिक स्थिति से परेशान हो रही थी। तभी उसका परिचय डबरा निवासी नगर पालिका में पदस्थ दीपांशु बाथम से हुआ। दीपांशु नौकरी का झांसा देकर 4 साल से दुष्कर्म करता आ रहा है। जब नौकरी दिलाने की बात की तो टाल दिया।
कुछ दिनों पहले दीपांशु ने महिला की नाबालिग बेटी को अकेला पाकर उसके साथ ज्यादती कर छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। जब बेटी ने बताया तो महिला से रहा नहीं गया और दीपांशु के खिलाफ बेटी के साथ शिकायत करने थाने पहुंची।
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव ने बताया कि महिला और नाबालिग बच्ची के बयानों के आधार पर आरोपी नगर पालिका कर्मचारी के खिलाफ महिला से नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म और नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में दुष्कर्म और छेड़छाड़ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी दीपांशु बाथम की तलाश शुरू कर दी हैं।

