बालेश्वर। बालेश्वर जिले के भोगराई ब्लॉक में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान जोरदार हंगामा और विवाद खड़ा हो गया है। बाजितपुर पंचायत की महिला सरपंच तुलसी जेना ने स्थानीय बीजेडी विधायक गौतम बुद्ध दास और 10 पंचायत समिति (PS) सदस्यों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला सरपंच ने विधायक पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल, जातिसूचक टिप्पणी करने और उनके साथ धक्का-मुक्की कराने का संगीन आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, भोगराई ब्लॉक सभागार में विधायक गौतम बुद्ध दास की अध्यक्षता में एक विकास समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में भोगराई के बीडीओ प्रशांत महाराणा, पंचायत समिति अध्यक्ष प्रबीर कुमार गिरि और दो सहायक कार्यकारी अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान माहौल तब बिगड़ गया जब कुछ पंचायत समिति सदस्य, जिन्हें आमंत्रित नहीं किया गया था,अचानक वहां पहुंचे और न बुलाए जाने पर सवाल उठाने लगे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी जबरन हॉल में घुस आए और नारेबाजी करने लगे।

महिला सरपंच तुलसी जेना का आरोप है कि हंगामे के दौरान विधायक की मौजूदगी और उनके इशारे पर कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की की। सरपंच ने दावा किया कि बैठक में उन पर जातिसूचक टिप्पणियां की गईं और उपद्रवियों ने उनके गले से लगभग 20 ग्राम वजन की सोने की चेन भी छीन ली।

दूसरी ओर, भोगराई बीडीओ प्रशांत महाराणा ने महिला सरपंच द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि उनकी उपस्थिति में विधायक द्वारा किसी के प्रति भी अभद्र या जातिसूचक भाषा का प्रयोग नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हॉल में न तो कोई धक्का-मुक्की हुई और न ही सोने की चेन चोरी हुई है; सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।

भोगराई विधायक गौतम बुद्ध दास ने भी इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित और झूठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस और सभी वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद थे। विधायक ने बैठक में जबरन घुसकर हंगामा करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m