शरद पाठक, छिंदवाड़ा/जुन्नारदेव। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव क्षेत्र के ग्राम मोयारी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने साहस और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए शराब से भरी एक बोलेरो वाहन को रोक लिया। जिस अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने में जिम्मेदार विभाग लगातार नाकाम नजर आ रहे थे, उसे गांव की महिलाओं ने स्वयं सामने लाकर प्रशासन की निष्क्रियता उजागर कर दी।
READ MORE: हादसा या लापरवाही ? मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे में करता था मजदूरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध शराब की खेप लेकर एक बोलेरो वाहन गांव में पहुंचा था। इसकी भनक लगते ही बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंचीं और वाहन को चारों ओर से घेर लिया। महिलाओं ने वाहन में रखी शराब की पेटियों और बोतलों को बाहर निकालकर सड़क पर फेंक दिया तथा पूरे घटनाक्रम की सूचना ग्रामीणों और संबंधित अधिकारियों को दी। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही और शराब तस्करों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, लेकिन आबकारी विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे अवैध शराब का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।
READ MORE: स्कूल क्यों नहीं जा रहे बच्चे ? जवाब तलाशने घर-घर पहुंचीं DEO, अभिभावकों से सीधा संवाद कर अपील की
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और शराब ठेकेदारों के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। महिलाओं की इस साहसिक कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर स्थायी रूप से रोक लगाने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


