पटना, कुंदन कुमार। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बागी तेवर और तीखे बयानों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में राजद के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने नीतीश कुमार और जेडीयू नेतृत्व पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि पार्टी के भीतर कुछ लोग जेडीयू का मुखौटा पहनकर पर्दे के पीछे से भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गुप्त एजेंडा चला रहे हैं।
बीजेपी के इशारे पर काम करने का गंभीर आरोप
भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया है कि इस पूरी राजनीतिक गतिविधि का एक सुनियोजित स्क्रिप्ट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके नेतृत्व से अपील की है कि वे इन असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखें। इसके साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस मामले पर उनके बेटे और मंत्रियों को भी पूरी गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि पार्टी के भीतर चल रही साजिशों का समय रहते पर्दाफाश किया जा सके।
यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर दो टूक चेतावनी
देश में समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर बोलते हुए राजद विधायक ने दो टूक शब्दों में इसका पुरजोर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि हमारे बुजुर्गों ने, चाहे वे किसी भी धर्म के रहे हों, इस देश की आजादी और एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। किसी भी कीमत पर देश में यूसीसी कानून लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश को बचाने के लिए सड़कों पर उतरें, क्योंकि आज देश ऐसे चौराहे पर खड़ा है जहां बर्बादी की कगार पर पहुंच रहा है। देश के प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वस्थ रहें और देश को अच्छे से चलाएं, लेकिन देश को बर्बाद करने से बचें।
शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे पर निशाना
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे पर भी भाई वीरेंद्र ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार बिहार को कुछ देना चाहती है, तो उसे सिर्फ फोटो सेशन करने के बजाय राज्य को विशेष पैकेज देना चाहिए। केवल दिखावे की राजनीति से बिहार का भला होने वाला नहीं है।
नीतीश कुमार को गठबंधन का खुला ऑफर
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाई वीरेंद्र ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक बार फिर बड़ा राजनीतिक न्योता दिया। उन्होंने कहा कि अगर सचमुच बिहार को बचाना है, तो वे हमारे साथ आएं और गठबंधन करें। यह बात नीतीश कुमार और उनके करीबियों को अच्छी तरह समझनी चाहिए। राजद की ओर से यह पूरी तरह से एक खुला ऑफर है।



