अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले के बुढ़ार वन परिक्षेत्र के गोपालपुर बीट में पेड़ कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, पेड़ काटते समय एक मजदूर के ऊपर पेड़ गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जैतपुर क्षेत्र के शाहपुर निवासी केशव प्रसाद के रूप में बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों ने वन विभाग पर सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं।

READ MORE: आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से 3 मासूम छात्र रहस्यमय परिस्थितियों में लापता: 2 कक्षा 7वीं और 1 चौथी के छात्र

बिरला कॉर्पोरेशन लिमिटेड की विक्रम कोल माइंस, गोपालपुर के लिए वन विभाग की भूमि पर लगे लिप्टिस के पेड़ों की कटाई कर जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान मजदूरों को पेड़ काटने के काम में लगाया गया था,बताया जा रहा है कि केशव प्रसाद भी अपने अन्य साथियों के साथ पेड़ कटाई का काम कर रहा था। इसी दौरान कटाई किया जा रहा एक पेड़ अचानक केशव प्रसाद के ऊपर जा गिरा, पेड़ की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, हादसे के बाद वहां काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया। 

READ MORE: ओंकारेश्वर में देह व्यापार का पर्दाफाश: व्हाट्सएप से होती थी लड़कियों की सप्लाई, पुलिस ने दबिश देकर 5 आरोपियों को दबोचा

मौके पर मौजूद मजदूर बहादुर अगरिया, रूप सहाय सहित अन्य मजदूरों ने आरोप लगाया कि पेड़ कटाई जैसे जोखिम भरे काम में मजदूरों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। उनका कहना है कि बिना हेलमेट और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजामों के मजदूरों से पेड़ कटाई का काम कराया जा रहा था, मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें दिहाड़ी मजदूरी भी कम दी जा रही थी। 

मजदूरों का कहना है कि यदि काम के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरण और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो शायद हादसे को टाला जा सकता था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस पूरे मामले में वन परिक्षेत्र जैतपुर के एसडीओ वीरभद्र सिंह परिहार ने बताया कि वन विभाग द्वारा पेड़ कटाई का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान एक मजदूर के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौत होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

READ MORE: रायसेन के उदयपुरा में अनोखा महायज्ञ! धूनी में अर्पित हुआ डेढ़ किलो सोना और 4 किलो चांदी; संत शिवानंद महाराज को मिला वर्ल्ड रिकॉर्ड

अब सवाल यह है कि वन भूमि पर पेड़ कटाई जैसे जोखिम भरे काम के दौरान क्या मजदूरों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा था, क्या मजदूरों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे, और यदि सुरक्षा व्यवस्था में कमी थी तो इसकी जिम्मेदारी किसकी थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m