अभनपुर। अभनपुर क्षेत्र में भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत NHAI द्वारा करोड़ों रुपए की लागत से ओवरब्रिज निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। साइट पर कार्यरत कई मजदूर बिना सेफ्टी हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स और सुरक्षा जूते के ऊंचाई पर काम करते नजर आ रहे हैं।

जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर

जानकारी के मुताबिक, निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। भारी मशीनों और ऊंचाई वाले कार्य के बीच मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं। निर्माण स्थल पर सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी नदारद बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना का जिम्मेदार कौन ?

लोगों का कहना है कि करोड़ों के इस प्रोजेक्ट में मजदूरों की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जाना बेहद गंभीर मामला है। यदि किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी, यह बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।

सूत्रों के अनुसार, कई मजदूरों को न तो उचित सुरक्षा प्रशिक्षण दिया गया है और न ही आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराई गई है। वहीं संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि एनएचएआई और निर्माण एजेंसी मजदूरों की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीरता दिखाती है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद खुलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m