दीपक उपाध्याय, पीथमपुर। औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर 2 स्थित बायो स्पंज कंपनी में श्रमिकों ने आज सुबह हड़ताल कर दी। वे न्यूनतम वेतन, पर्याप्त मैनपावर और परिवहन सुविधा सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी उन्हें शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम वेतन का लाभ नहीं दे रही है। उनका यह भी कहना है कि कंपनी में मैनपावर कम है, जिससे मौजूदा कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक दबाव रहता है।

इसके अतिरिक्त, श्रमिकों ने कंपनी द्वारा दी जाने वाली परिवहन सुविधा पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि कंपनी बस सुविधा के नाम पर उनके वेतन से अधिक कटौती कर रही है। अपनी इन्हीं समस्याओं को लेकर सभी मजदूर एकजुट हुए और कंपनी परिसर से लगभग दो किलोमीटर का पैदल मार्च निकालते हुए विकास भवन स्थित लेबर ऑफिस पहुंचे।

हड़ताल और पैदल मार्च की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर और थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और मजदूरों को शांत कराया।

पुलिस और श्रम विभाग की उपस्थिति में लेबर ऑफिस में मजदूरों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है। प्रशासन का प्रयास है कि दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर इस विवाद को जल्द से जल्द सुलझाया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m