बरेली के आर्य अस्पताल में एक्स-रे कराने के दौरान मशीन 70 वर्षीय मरीज मिश्रीलाल के ऊपर गिर गई, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.

बरेली. जिले में मंगलवार को आर्य अस्पताल में एक्स-रे कराने के दौरान एक मरीज के ऊपर मशीन गिरने से उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान नवाबगंज क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 70 वर्षीय मिश्रीलाल के रूप में हुई है. अस्पताल भाजपा विधायक डॉक्टर एमपी आर्य का बताया गया है.

मिश्रीलाल के परिजनों के मुताबिक, उन्हें पेट में दर्द की शिकायत थी. इसके बाद उन्हें आर्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मंगलवार को जांच के लिए उन्हें एक्स-रे कराने ले जाया गया, जहां मशीन अचानक उनके ऊपर गिर गई.

मौके पर हुई मौत

मशीन गिरने से मिश्रीलाल की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया.

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. अस्पताल में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ और कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे.

वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.